Monday, 15 February 2016

14 फरवरी 2016 करेण्ट अफेयर्स

1) सार्वजनिक क्षेत्र के किस बैंक (PSU bank) ने 12 फरवरी 2016 को 3,342 करोड़ रुपए का तिमाही घाटा घोषित किया जोकि भारतीय बैंकिंग इतिहास में किसी भी बैंक द्वारा घोषित सर्वाधिक तिमाही घाटा है? – बैंक ऑफ बड़ौदा (BOB)
विस्तार: 12 फरवरी 2016 को घोषित परिणामों के अनुसार बैंक ऑफ बड़ौदा (BOB) का वर्ष 2015-16 की तीसरी तिमाही (सितम्बर-दिसम्बर) के दौरान का शुद्ध घाटा (net loss) 3,342 करोड़ रुपए रहा जबकि पिछले वर्ष (2014-15) की समान तिमाही में उसने 333 करोड़ रुपए का शुद्ध लाभ (net profit) अर्जित किया था।
 इस तिमाही घाटे से जुड़ा सबसे महत्वपूर्ण तथ्य यह है कि यह भारत के बैंकिंग इतिहास में किसी भी बैंक को हुआ सर्वाधिक तिमाही घाटा (largest quarterly loss) है। इस भारी-भरकम घाटे का मुख्य कारण बुरे ऋण (bad loans) में हुई वृद्धि के कारण बैंक द्वारा किए गए प्रावधानों (provisions) में भारी वृद्धि है। उल्लेखनीय है कि पिछले साल की समान तिमाही में बैंक ऑफ बड़ौदा ने बुरे ऋण के चलते जहाँ मात्र 1,149 करोड़ का प्रावधान किया था वहीं इस वर्ष किया गया प्रावधान 463% बढ़कर 6,474 करोड़ रुपए हो गया।
 यहाँ यह भी उल्लेखनीय है कि RBI ने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों (PSU banks) को निर्देश दिया है कि ऋण चुकाने में दिक्कत पेश कर रहे कुछ खातों (troubled accounts) को भी अब आधिकारिक बुरे ऋण (bad loans) अथवा गैर-निष्पादित परिसम्पत्तियों (NPAs) की सूची में शामिल किया जाना चाहिए। यह एक प्रमुख कारण है कि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के बुरे ऋण में भारी वृद्धि हुई है।
 2015-16 की तीसरी तिमाही के दौरान खराब प्रदर्शन करने वाले कुछ अन्य बैंक हैं – आईडीबीआई बैंक (2,184 करोड़ रुपए का घाटा), इण्डियन ओवरसीज़ बैंक (1,425 करोड़ रुपए का घाटा) और बैंक ऑफ इण्डिया (1,505 करोड़ रुपए का घाटा)।
……………………………………………………..
2) 14 फरवरी 2016 को हुए फाइनल में भारत को पराजित कर किस देश ने ICC अण्डर-19 क्रिकेट विश्व कप का 2016 का संस्करण जीत लिया? – वेस्ट इंडीज़ (West Indies)
विस्तार: बांग्लादेश में आयोजित वर्ष 2016 के ICC अण्डर-19 क्रिकेट विश्व कप (ICC Under-19 Cricket World Cup 2016) के फाइनल में वेस्ट इंडीज़ (West Indies) ने ट्रॉफी जीतने की प्रबल दावेदार मानी जा रही भारत (India) की टीम को 5 विकेट से हरा कर यह प्रतिष्ठित खिताब पहली बार जीतने का कारनामा किया।
 पहले बैटिंग करते हुए भारत की पूरी टीम 45.1ओवर में मात्र 145 रनों पर ढेर हो गई। इसके जबाव में वेस्ट इंडीज़ ने 5 विकेट के नुकसान पर 49.3 ओवर में जीत के लिए आवश्यक 146 रन बना लिए। उल्लेखनीय है कि फाइनल में पहुँचने तक भारत ही इस विश्व कप की एकमात्र अपराजेय टीम थी लेकिन फाइनल में मिली इस हार से भारत के मंसूबों पर पानी फिर गया।
 यह वेस्ट इंडीज़ द्वारा जीता गया पहला ICC अण्डर-19 विश्व कप खिताब है।
 ICC अण्डर-19 विश्व कप को प्राय: जूनियर क्रिकेट विश्व कप भी कहा जाता है तथा इसका आयोजन पहली बार 1988 में युवा क्रिकेट विश्व कप (Youth World Cup) के रूप में किया गया था। लेकिन कप का अगला संस्करण 10 साल बाद 1998 में ICC अण्डर-19 विश्व कप के रूप में आयोजित किया गया जब इसको आयोजित करने का बीड़ा ICC ने उठा लिया। तबसे इस खिताब का आयोजन प्रत्येक दो वर्ष के अंतराल पर किया जाता है।
 भारत और ऑस्ट्रेलिया तीन-तीन बार इस ट्रॉफी को जीतकर इसे जीतने वाली सबसे सफल टीमें रही हैं। इसके बाद पाकिस्तान ने इसे दो बार जीता है जबकि दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैण्ड और (अब) वेस्ट इंडीज़ ने इसे एक-एक बार जीता था।
……………………………………………………..
ONV-Kurup-2016
3) 13 फरवरी 2016 को दिवंगत होने वाले ओ.एन.वी कुरूप (ONV Kurup) किस भाषा में कृतियाँ करने वाले सुप्रसिद्ध कवि तथा गीतकार थे? – मलयालम (Malayalam)
विस्तार: ओ.एन.वी. कुरूप का पूरा नाम ओट्टापलक्कल नीलकंदन वेलू कुरूप (Ottaplakkal Neelakandan Velu Kurup) था। वे मलयामल भाषा के कुछ सबसे लोकप्रिय रचनाकारों में एक थे। केरल राज्य के साहित्यिक मण्डल पर उनकी प्रभा पिछले लगभग सात दशक तक कायम रही थी।
 एक कवि तथा राजनीतिक हस्ती के रूप में उनका झुकाव वामपंथ की तरफ था तथा वे पूरी उम्र वामपंथी रहे। उन्होंने वर्ष 1989 में तिरुवनंतपुरम (Thiruvananthapuram) सीट से लोकसभा का चुनाव भी लड़ा था लेकिन वे जीतने में असफल रहे।
 उन्होंने अपनी साहित्यिक कृतियों तथा मलयामल फिल्मों के लिए लिखे गीतों के लिए तमाम पुरस्कार जीते थे। उनके द्वारा जीते प्रमुख पुरस्कारों में साहित्य अकादमी पुरस्कार (1975) तथा देश का सबसे बड़ा साहित्यिक सम्मान “ज्ञानपीठ पुरस्कार” (2007) भी शामिल है। इसके अलावा उन्हें वर्ष 1998 में पद्मश्री (Padma Shri) तथा वर्ष 2011 में पद्म विभूषण (Padma Vibhushan) प्रदान किया गया था, जो भारत सरकार द्वारा प्रदान किए जाने वाले (क्रमश:) चौथे तथा दूसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान हैं।
 वे 84 वर्ष की आयु में केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में वृद्धावस्था सम्बन्धी तमाम व्याधियों के चलते गुजर गए।
……………………………………………………..
JNU-Logo-2016
4) देशद्रोह के आरोप में 12 फरवरी 2016 को गिरफ्तार किए गए नई दिल्ली-स्थित जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) के छात्रसंघ (Student Union) के अध्यक्ष (President) का क्या नाम है जिनकी गिरफ्तारी के बाद सत्ताधारी गठबंधन तथा विपक्ष के बीच तनातनी शुरू हो गई? – कन्हैया कुमार
विस्तार: नई दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के छात्रसंघ के अध्यक्ष कन्हैया कुमार (Kanhaiya Kumar) को पुलिस ने 12 फरवरी को विश्वविद्यालय कैम्पस से गिरफ्तार कर लिया। उन पर कथित रूप से देशद्रोह में लिप्त होने का आरोप लगाया गया था। उल्लेखनीय है कि उनकी गिरफ्तारी के एक दिन पूर्व विश्वविद्यालय के कैम्पस में संसद हमले के मुख्य आरोपी अफज़ल गुरू (Afzal Guru) की गिरफ्तारी के विरोध में एक विवादास्पद कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में कथित तौर पर तमाम देश-विरोधी बयान दिए जाने की बात सामने आई थी।
 कन्हैया कुमार की गिरफ्तारी के बाद भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबन्धन (NDA) तथा विपक्षी पार्टियों के बीच बड़ा विवाद उठ खड़ा हुआ क्योंकि विपक्षी नेताओं ने कन्हैया कुमार की गिरफ्तारी को केन्द्र सरकार के तानाशाही रवैये का परिचायक बताया। 13 फरवरी 2016 को JNU के प्रांगण में विपक्षी पार्टियों ने एक बड़ा विरोध प्रदर्शन आयोजित किया जिसमें कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गाँधी समेत तमाम बड़े विपक्षी नेताओं ने भाग लिया।
……………………………………………………..
Justice-Antonin-Scalia-2016
5) अमेरिका के सर्वोच्च न्यायालय (US Supreme Court) के एक सहयोगी न्यायाधीश (Associate Justice) का 13 फरवरी 2016 को निधन हो गया। यह न्यायाधीश कौन थे जिन्होंने सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में लगभग 3 दशक तक अपनी सेवाएं प्रदान कीं तथा जिनके निधन से अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा तथा रिपब्लिकन पार्टी के नेतृत्व वाले सीनेट के बीच द्वन्द शुरू होने की संभावना है? – न्यायमूर्ति एन्टोनिन स्कालिया (Justice Antonin Scalia)
विस्तार: न्यायमूर्ति एन्टोनिन स्कालिया (Justice Antonin Scalia) अमेरिकी सर्वोच्च न्यायालय (US Supreme Court) में तैनात आठ सहयोगी न्यायाधीशों में से एक थे तथा वर्तमान में नियुक्त न्यायाधीशों में से सबसे पुराने थे। उनकी नियुक्ति वर्ष 1986 में तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन (President Ronald Reagan) ने की थी।
 एन्टोनिन स्कालिया को सर्वोच्च न्यायालय में काफी प्रसिद्धि हासिल थी तथा उन्हें उनके परंपरावादी दृष्टिकोण और कोर्टरूम में नाटकीय अंदाज में अपने पक्ष को रखने के लिए याद किया जाता था। लेकिन उनकी मृत्यु ने राष्ट्रपति ओबामा (President Barack Obama) और रिपब्लिकन पार्टी (Republican Party) के नेतृत्व वाले अमेरिकी सीनेट (Senate) के मध्य एक बड़ा विवाद खड़ा होने की संभावना पैदा हो गई है क्योंकि ओबामा स्कालिया की मृत्यु के परिणाम-स्वरूप खाली हुए पद को अपना कार्यकाल समाप्त होने के पूर्व भरना चाहेंगे।
 उल्लेखनीय है कि अमेरिकी संविधान के अनुसार सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीशों का कार्यकाल उनके संपूर्ण जीवनकाल के लिए होता है। यह कार्यकाल स्वयं सेवानिवृति लेने, इस्तीफा देने, कोई और बड़ा पद ग्रहण करने अथवा महाभियोग के द्वारा हटाए जाने से ही समाप्त होता है। हालांकि अभी तक किसी न्यायाधीश को महाभियोग के द्वारा हटाया नहीं गया है।
 अमेरिकी सर्वोच्च न्यायालय में एक मुख्य न्यायाधीश (Chief Justice) के अलावा आठ सहयोगी न्यायाधीशों (8 Associate Justices) की तैनाती की व्यवस्था है। न्यायालय के वर्तमान मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति जॉन रॉबर्ट्स (Justice John Roberts) हैं जिन्होंने वर्ष 2005 में यह पद संभाला था।
……………………………………………………..
6) दिग्गज सर्व इंजन कम्पनी गूगल (Google) ने 12 फरवरी 2016 को घोषणा की कि एक दशक से अधिक समय से कम्पनी का हिस्सा रही फोटो एडिटिंग सर्विस (photo editing service) को बंद कर अब कम्पनी अपना पूरा ध्यान “गूगल फोटोज़” (‘Google Photos’) नामक अपनी फोटो सम्बन्धित सेवा पर देगी। बंद की जा रही इस प्रसिद्ध फोटो एडिटिंग सर्विस का नाम क्या है? – पिकासा (Picasa)
विस्तार: पिकासा (Picasa) मुख्यत: इमेज (फोटो) को एडिट करने तथा इनके कलेक्शन को व्यवस्थित करने के लिए प्रयुक्त एप्लीकेशन (image organizer) है। इसकी स्थापना मूलत: “लाइफस्केप” (Lifescape’) नामक कम्पनी ने वर्ष 2002 में की थी तथा जुलाई 2004 में गूगल ने इसका अधिग्रहण कर लिया था।
 पिकासा कुछ ही समय में विश्व की सबसे मनपसंद फोटो एडिटिंग तथा ऑर्गनाइज़र सेवा बनकर उभरी तथा खूब लोकप्रिय हो गई।
 लेकिन गूगल ने 28 मई 2015 को अपनी नई फोटो सेवा “गूगल फोटोज़” (‘Google Photos’) को लाँच कर दिया। “गूगल फोटोज़” की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह मोबाइल तथा डेस्कटॉप दोनों प्रकार के एप्लीकेशन्स पर बखूबी काम करती है तथा आज के मोबाइल दौर में यह पिकासा के मुकाबले कहीं अधिक कार्यकुशल है। वहीं पिकासा को डेस्कटॉप दौर में बनाया गया था तथा मोबाइल के युग में इसकी कार्यकुशलता “गूगल फोटोज़” से कम मानी जाती है।
 इसी तथ्य को ध्यान में रखकर अब गूगल ने अपना पूरा ध्यान “गूगल फोटोज़” पर देने के उद्देश्य से 12 फरवरी को घोषणा कर दी कि 15 मार्च 2016 से पिकासा सेवा को बंद कर दिया जायेगा। पिकासा से जुड़े यूज़र्स को आसानी से “गूगल फोटोज़” में एकीकृत करने की घोषणा भी कम्पनी ने की है। वहीं पिकासा से जुड़ी एक और सहयोगी सेवा “पिकासा वेब एल्बम्स” (‘Picasa Web Albums’) को 1 मई 2016 को बंद कर दिया जायेगा।

No comments:

Post a Comment